वडोदरा शहर के रावपुरा टावर चौराहे पर रेंज रोवर डिवाइडर कूदकर सिग्नल पोल से टकराई

वडोदरा शहर के रावपुरा क्षेत्र स्थित टावर चौराहे पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जुबेलीबाग की ओर से रावपुरा जा रही एक लग्जरी रेंज रोवर कार तेज रफ्तार के कारण डिवाइडर कूदकर ट्रैफिक सिग्नल पोल से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का एक टायर निकल गया और एयरबैग भी खुल गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही रावपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में तत्काल मामला दर्ज किया। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल को हुए नुकसान को लेकर सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने की अलग से शिकायत भी दर्ज की गई है।

हादसे के कारण पूरा सिग्नल पोल उखड़ गया और कार की दिशा भी बदल गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह रेंज रोवर कार एक वर्ष पहले बेची जा चुकी थी। बिक्री से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर वर्तमान चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चालक नशे की हालत में था या नहीं, वाहन की गति कितनी थी और दुर्घटना किन कारणों से हुई। फिलहाल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *